Tuesday 05-May-2026

झारखंड: शपथ के बाद हेमंत सोरेन की अग्नि परीक्षा, 8 जुलाई को फ्लोर टेस्ट के बाद मंत्रिमंडल विस्तार; कौन-कौन बनेगा मंत्री?

झारखंड: शपथ के बाद हेमंत सोरेन की अग्नि परीक्षा, 8 जुलाई को फ्लोर टेस्ट के बाद मंत्रिमंडल विस्तार; कौन-कौन बनेगा मंत्री?

झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण के बाद सोरेन की पहली अग्निपरीक्षा होने वाली है। 8 जुलाई को हेमंत सोरेन सदन में विश्वासमत हासिल करेंगे। विश्वासमत हासिल करने के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान से चर्चा के बाद 9 जुलाई को मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, चंपाई सोरेन मंत्रिपरिषद के अधिकांश चेहरों को दोबारा मौका मिलेगा। चंपाई सोरेन को गठबंधन दलों के को-आर्डिनेशन कमेटी का संयोजक बनाया जा सकता है।

झामुमो (JMM) की ओर से दीपक बिरुआ, मिथिलेश ठाकुर, हफिजुल हसन, बसंत सोरेन और बेबी देवी के नाम तय माना जा रहा। वहीं, 12वें मंत्री के तौर पर लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वहीं, कांग्रेस से डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल मंत्री थे, जबकि राजद से सत्यानंद भोक्ता मंत्री थे। झामुमो और आरजेडी की ओर से मंत्रियों के कोटे बदलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस में आलाकमान के निर्देश पर एक-दो मंत्री को बदलने पर निर्णय हो सकता है।

टेंडर मैनेज करने के मामले में कांग्रेस के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के जेल जाने के बाद खाली सीट पर कांग्रेस डॉ इरफान अंसारी को मंत्री बनाने का नाम तय कर चुकी है। दो मंत्रियों के काम और लोकसभा चुनाव में उनके सहभागिता पर नाराजगी भी जताई गई। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर तीन में से दो मंत्रियों को बदला गया तो हेमंत सोरेन की नए कैबिनेट में कांग्रेस से दीपिका पांडेय सिंह और रामचंद्र सिंह चेरो की इंट्री हो सकती है। अगले चार-पांच महीने के लिए सरकार है, ऐसे में आलाकमान मंत्रियों को नहीं भी बदल सकती है और उन्हें फिर से मौका दे सकती है।