पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव ने बुधवार को सीवान से सांसद रहे शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब से मुलाकात की है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार बोरिंग रोड में एक आरजेडी एमएलसी के आवास पर लालू-तेजस्वी ने हिना शहाब से मिलकर बातचीत की है। बताया गया है कि करीब 45 मिनट तक तीनों के बीच बातचीत हुई है। अब सबसे बड़ी बात है कि इस मुलाकात के दौरान क्या कुछ बातें हुई हैं? मुलाकात की वजह क्या है?
हिना शहाब और लालू प्रसाद यादव के बीच लोकसभा चुनाव के बाद दो बार मुलाकात हो चुकी है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार लालू और तेजस्वी चाहते हैं कि शहाबुद्दीन का परिवार एक बार फिर से आरजेडी के साथ जुड़ जाए। यही कारण है कि लालू और हिना शहाब की मुलाकात हुई है। लोकसभा चुनाव से पहले हिना शहाब की आरजेडी से जितनी दूरी बढ़ गई थी, अब वह धीरे-धीरे कम होती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक बहुत जल्द हिना शहाब की आरजेडी में वापसी हो जाएगी।
दरअसल, शहाबुद्दीन के निधन के बाद से आरजेडी में अपनी अनदेखी से हिना शहाब नाराज चल रही थीं। इस बार पार्टी ने सीवान से उनको लोकसभा चुनाव में टिकट भी नहीं दिया था। ऐसे में उन्होंने निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला किया था। वह चुनाव लड़ीं भी और दूसरे नंबर पर रहीं। आरजेडी प्रत्याशी अवध बिहारी चौधरी तीसरे नंबर पर रहे थे। इस मुलाकात को हिना शहाब और लालू परिवार के बीच बिगड़े संबंध को फिर से मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।