Thursday 30-Apr-2026

2025 विधानसभा चुनाव में बिहार में NDA को कितनी सीटें आएंगी? बीजेपी कोटे के मंत्री ने किया बड़ा दावा

2025 विधानसभा चुनाव में बिहार में NDA को कितनी सीटें आएंगी? बीजेपी कोटे के मंत्री ने किया बड़ा दावा

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार में अगले साल यानि 2025 में विधानसभा का चुनाव होना है, जिसे लेकर बीजेपी, आरजेडी और जेडीयू अभी से ही जुट गई हैं। इस बीच बिहार सरकार के श्रम मंत्री संतोष कुमार सिंह की ओर से बड़ा दावा किया गया है। दरअसल, संतोष कुमार सिंह बीते सोमवार को औरंगाबाद पहुंचे थे, जहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विस्तृत जिला कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान संतोष कुमार सिंह ने दावा करते हुए कहा कि 2025 के चुनाव में बिहार की 243 सीटों में एनडीए 225 से अधिक पर जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी।

2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस बार का लक्ष्य और बड़ा है, क्योंकि हमें 225 तक जाना है। उन्होंने कहा कि इसकी रणनीति शुरू हो चुकी है और सारे कार्यकर्ता इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उत्साहित हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में औरंगाबाद की सभी छह सीटों पर एनडीए की हार पर उन्होंने चिंता व्यक्त की और कहा कि जितना वोट हमें चाहिए था उतना मिला भी लेकिन कुछ अपनों की वजह से सभी विधानसभा में एनडीए के प्रत्याशी चुनाव हार गए।

impact add4

बीजेपी मंत्री ने आगे कहा कि वह गलती इस बार नहीं होगी और विरोधियों को धूल चटाया जाएगा। इस बार सभी छह विधानसभा सीटें एनडीए के कब्जे में होंगी। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि देश खतरे में है, आरक्षण खतरे में है और संविधान खतरे में है, यह कहकर जनता को बरगलाने का काम किया जा रहा है। ये सारी बातें बेबुनियाद हैं। 2025 के चुनाव में हर मुद्दों पर एनडीए का विशेष ध्यान है। इस बार कोई चूक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जब तक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं किसी की भी झूठ की दुकान चलने नहीं दी जाएगी।