Saturday 13-Jun-2026

बिहार में अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? जानिए

बिहार में अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? जानिए

पटना सहित प्रदेश का मौसम अगले कुछ दिनों तक शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। सोमवार को राजधानी सहित प्रदेश के 31 शहरों के अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई। वहीं 20 शहरों के न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

रविवार को 21 जिलों में बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान में काफी गिरावट हुई थी जिस कारण लोगों को दिन में भी हल्की ठंड का एहसास हो रहा था। लेकिन सोमवार को अधिकतम तापमान में अचानक वृद्धि होने के कारण दिन में लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा था। कार्यालय और घरों में लोग पंखे का भी उपयोग कर रहे थे। प्रदेश का सबसे गर्म जिला 31.4 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया रहा।

पटना का अधिकतम पारा चढ़ा, न्यूनतम गिरा
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पटना के अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। वहीं न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 17.4 और अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान में अचानक वृद्धि होने के कारण सीधे धूप में आने पर लोगों को काफी गर्मी का एहसास हो रहा था। अचानक गर्मी अधिक होने के कारण आवागमन करने के दौरान कई लोग वाहनों में एसी का भी उपयोग कर रहे थे।

इन शहरों के अधिकतम तापमान में हुए वृद्धि
पटना का 6.1, बक्सर का 7.9, वैशाली का 6.5, बेगूसराय का 7.2, जमुई का 6.1, शेखपुरा व नवादा का 7.3, गया का 8, औरंगाबाद का 6.5, दरभंगा का 4.8, मोतिहारी का 5.4, बाल्मीकि नगर का 4.6, सुपौल का 4, पूसा का 5.6, खगड़िया का 6.7, भागलपुर का 2.5 और बांका का अधिकतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ा।