Saturday 13-Jun-2026

विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी, नीतीश कुमार कल करेंगे नामांकन

विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी, नीतीश कुमार कल करेंगे नामांकन

बिहार विधान परिषद के 11 सीटों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गयी। सोमवार को निर्वाचन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद उसे बिहार गजट में भी प्रकाशित कर दिया गया। विधानसभा कोटे की इन सभी सीटों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है।

मालूम हो कि इस चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी बिहार विधानसभा के सचिव होते हैं। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र 11 मार्च तक दाखिल किया जा सकेगा। 12 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं, नामांकन पत्रों की वापसी की अंतिम तिथि 14 मार्च तक निर्धारित है। 21 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन वोटों की गिनती की जाएगी तथा परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।

सीएम, राबड़ी जैसे 11 वरिष्ठ सदस्यों का कार्यकाल मई में हो रहा है खत्म
निर्वाचन विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, विधान परिषद के उप सभापति डॉ. रामचंद्र पूर्वे, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन सहित कुल 11 वरिष्ठ सदस्यों का कार्यकाल 6 मई को समाप्त हो रहा है। इनमें खालिद अनवर, प्रेमचंद्र मिश्र, मंगल पांडेय, रामेश्वर महतो, संजय पासवान, सैयद शाहनवाज हुसैन एवं संजय कुमार झा शामिल हैं। इनमें संजय झा ने पहले ही अपनी सदस्यता छोड़ दी है और वे राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री आज करेंगे नामांकन
मुख्यमंत्री विधान परिषद चुनाव के लिए जदयू उम्मीदवार के रूप में मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। उनके साथ जदयू के एक अन्य उम्मीदवार और विधान पार्षद खालिद अनवर भी नामांकन करेंगे। विधानसभा के सचिव के कक्ष में दोनों नेता नामांकन करेंगे। मौके पर एनडीए के कई वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहेंगे।