बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने शुक्रवार स्पष्ट कर दिया कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल कर लेती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
नीतीश कुमार के साथ कड़वे राजनीतिक रिश्ते रखने वाले मांझी ने कहा कि उन्होंने (नीतीश कुमार) ने कई मौकों पर अपना राजनीतिक गठबंधन बदला है और उन्हें तीसरी या चौथी बार भी यही विकल्प चुनने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
इससे पहले मांझी ने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाया था कि नीतीश कुमार अनुसूचित जाति वर्ग से नफरत करते हैं और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक इस वर्ग के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा था कि नीतीश कुमार पहले ही सदन में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर उन्हें अपमानित कर चुके हैं।