Wednesday 24-Jun-2026

इंडिय गठबंधन की सरकार बनी तो अग्निवीर योजना को खत्म व जीएसटी में संशोधन करेंगे : राहुल गांधी

इंडिय गठबंधन की सरकार बनी तो अग्निवीर योजना को खत्म व जीएसटी में संशोधन करेंगे : राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना की शुरुआत सेना ने नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की है। राहुल गांधी ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में संशोधन करने और आदिवासियों के लिए अलग सरना धार्मिक संहिता लाने का भी वादा किया। झारखंड के गुमला में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' अग्निवीर योजना को खत्म करेगा, क्योंकि इस योजना को मोदी लेकर आए हैं, न कि सेना लाई है। हम शहीदों में कोई भेदभाव नहीं करना चाहते। देश के लिए बलिदान देने वाले हर व्यक्ति को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए, उसे पेंशन दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने पांच कर स्लैब वाली गलत जीएसटी योजनाएं लागू कीं। हम इसमें संशोधन करेंगे और एक कर स्लैब बनाएंगे, जो न्यूनतम होगी। हम गरीबों पर कर का बोझ कम करेंगे। राहुल गांधी ने भाजपा नीत केंद्र पर आदिवासियों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने मोदी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा, प्रधानमंत्री ने नए संसद भवन के उद्घाटन और अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में राष्ट्रपति मुर्मू को आमंत्रित नहीं कर उनका अपमान किया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, रेलवे आदि को उद्योगपतियों को सौंपने पर तुली हुई है। राहुल गांधी ने कहा, मैं आपका सिपाही हूं जो जल, जंगल, ज़मीन पर आपके अधिकारों की रक्षा के लिए दिल्ली में तैनात है। संसाधनों और शासन पर पहला अधिकार आदिवासियों का है, लेकिन भाजपा सरकार वनवासी के नाम पर आपके अस्तित्व और अधिकारों को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा, वे संविधान और आरक्षण पर हमला कर रहे हैं और वे इन्हें खत्म करना चाहते हैं जबकि 'इंडिया' गठबंधन संविधान को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।