Wednesday 29-Apr-2026

अररिया में रहना है तो हिंदू बनना होगा... गिरिराज सिंह की यात्रा में BJP सांसद का विवादित बयान

अररिया में रहना है तो हिंदू बनना होगा... गिरिराज सिंह की यात्रा में BJP सांसद का विवादित बयान

अररिया, इंपैक्ट लाइव टीम।

बीजेपी सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने एक ऐसा विवादित बयान दे दिया है, जिसके बाद बिहार के सियासी गलियारे से लेकर सड़कों तक जमकर घमासान मचा हुआ है। दरअसल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के 'हिंदू स्वाभिमान यात्रा' के दौरान प्रदीप कुमार सिंह ने कहा है कि अररिया में रहना है तो हिंदू बनना होगा। सोशल मीडिया पर बीजेपी सांसद का यह बयान जमकर वायरल हो रहा है। प्रदीप सिंह ने यह भी कहा कि विवाह के समय अपनी जात और परिवार खोज कर शादी करिएगा।

इस बीच मुद्दा संस्था के संस्थापक फैसल जावेद यासीन ने कहा कि यह बयान निंदनीय है। सांसद के बयान के जवाब में उन्होंने नारा देते हुए कहा कि अररिया में रहना होगा तो सामाजिक सद्भाव कायम रखना होगा। वहीं मंगलवार को बीजेपी सांसद के विरोध में कुछ युवाओं ने अररिया शहर में सड़कों पर प्रदर्शन किया। सांसद प्रदीप कुमार सिंह के खिलाफ नारेबाजी की और सांसद से माफी मांगने व इस्तीफा देने की भी मांग की.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बीजेपी सांसद प्रदीप सिंह कह रहे हैं कि खुद को हिंदू बोलने में भला कैसी शर्म? इसके आगे वह बोलते हैं, हम तो कहते हैं कि अगर अररिया में रहना है तो हिंदू बनना होगा। जब बेटा-बेटी की शादी करनी हो तब जात-पात खोज लीजिए, लेकिन जब हिंदुओं की एकजुटता की बात हो तब पहले हिंदू बनिए बाद में जाति को ढूंढिए। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री और सांसद गिरिराज सिंह हिंदू स्वाभिमान यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने साफ कहा है कि यह पार्टी का कार्यक्रम नहीं है।

impact add5