पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार सरकार में पूर्व मंत्री और वीआईपी चीफ मुकेश सहनी के पिता की निर्मम हत्या ने एक बार फिर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांक राज्य सरकार ने कहा है कि दो भी इस मामले में दोषी होगा उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सूबे के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि हत्याकांड में जो भी दोषी होगा उसे जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसी घटना होगी तो कार्रवाई की जाएगी। जो भी अपराधी होंगे वो पकड़े जाएंगे। उन्हें पाताल से भी खोज कर निकाला जाएगा।
गौरतलब है कि वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की दरभंगा में हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह घर से लाश मिलते ही हड़कंप मच गया। दरभंगा के बिरौल अनुमंडल की अफजल्ला पंचायत के सुपौल बाजार स्थित पैतृक घर में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घर से जीतन सहनी का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है।
मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या, घर में क्षत-विक्षत मिली लाश
गौरतलब है कि मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी (65 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने सोमवार की देर रात उनके ही घर में इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घर में चोरी करने घुसे चोरों ने विरोध करने पर पेट में चाकू घोंपकर उनकी जान ले ली। घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर एक बक्सा फेंका हुआ मिला है। बताया जा रहा है कि जीतन सहनी ने उस बक्से में कुछ पैसे रखे थे। चोरों ने पैसे निकालने के बाद उस बक्से को घर के बाहर फेंक दिया। बक्से में कितने पैसे रखे थे, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।