Saturday 13-Jun-2026

मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या, घर में क्षत-विक्षत मिली लाश

मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या, घर में क्षत-विक्षत मिली लाश

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

वीआईपी प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी (65 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी गई है। अज्ञात अपराधियों ने सोमवार की देर रात उनके ही घर में इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घर में चोरी करने घुसे चोरों ने विरोध करने पर पेट में चाकू घोंपकर उनकी जान ले ली।

बता दें कि जीतन सहनी का पैतृक घर बिरौल अनुमंडल मुख्यालय के पास अफजला गांव में है। वे अपने पैतृक घर से थोड़ी ही दूरी पर घनश्यामपुर थाने के जिरात गांव में घर बना रहे थे। पिछले कुछ दिनों से रात में वे वहीं पर अकेले सोते थे। उनकी पत्नी का निधन पूर्व में ही हो चुका है। उनके दोनों बेटे पूर्व मंत्री मुकेश सहनी और संतोष सहनी मुंबई में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही सुबह सात बजे वे मुंबई से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। मंगलवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही जीतन सहनी के घर के पास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। वे घटना को लेकर कई तरह की बातें कर रहे थे।

मुकेश सहनी के पिता की हत्या पर आया जेडीयू का रिएक्शन, नीरज कुमार बोले- हत्यारों को पाताल से भी खोज निकालेंगे

घटना की सूचना मिलते ही बिरौल एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी थानाध्यक्ष व बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। सिटी एसपी शुभम आर्या व ग्रामीण एसपी काम्या मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। उनके साथ तकनीकी कोषांग के अधिकारी भी थे। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कहा कि घटना की जांच के लिए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। इसमें बिरौल एसडीपीओ, थानाध्यक्ष व दरभंगा के तकनीकी कोषांग के पुलिस अधिकारी शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि सभी बिंदुओं पर घटना की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

impact add2

घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर एक बक्सा फेंका हुआ मिला है। बताया जा रहा है कि जीतन सहनी ने उस बक्से में कुछ पैसे रखे थे। चोरों ने पैसे निकालने के बाद उस बक्से को घर के बाहर फेंक दिया। बक्से में कितने पैसे रखे थे, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। एफएसएल की टीम ने विभिन्न जगहों से फिंगर प्रिंट व खून के धब्बे समेत अन्य साक्ष्य इकट्ठे किये हैं। सिटी एसपी शुभम आर्या ने कहा कि आपसी दुश्मनी के बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।