Tuesday 05-May-2026

Jharkhand weather: झारखंड में अगले 3 दिनों तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग का यलो अलर्ट

Jharkhand weather: झारखंड में अगले 3 दिनों तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग का यलो अलर्ट

रांची समेत पूरे झारखंड में अगले तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान झमाझम बारिश के आसार हैं। संताल के अलावा कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो में कहीं कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इधर, पिछले 24 घंटे में राज्य में कई जिलों में जमकर बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश सिमडेगा में 108.2 मिमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी भाग में बिहार और आसपास में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन कायम है। इससे राज्य में पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसके चलते राज्य में बादल छाए हैं और बिहार से सटे झारखंड के सीमावर्ती जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। राज्य में विभिन्न जगहों पर बारिश होने से तापमान में कमी आयी है। रांची समेत अन्य शहरों के अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे आ गए हैं।

रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और मेदिनीनगर का अधिकतम 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान जामताड़ा का 32.3 डिग्री दर्ज किया गया।