Saturday 13-Jun-2026

बांका में मर्डर, लूटपाट का विरोध करने पर कांवरिया की चाकू मारकर हत्या

बांका में मर्डर, लूटपाट का विरोध करने पर कांवरिया की चाकू मारकर हत्या

बांका, इंपैक्ट लाइव टीम।

बांका जिले के सुल्तानगंज-देवघर मार्ग पर कटोरिया के डुमरिया (छपरहिया धर्मशाला) के समीप कांवरिया पथ से सटे जंगल क्षेत्र में बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर चाकू मारकर एक कांवरिया की हत्या कर दी। घटना गुरुवार रात 10 बजे की है। मृतक कांवरिया धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के बेहरा गांव निवासी विकास मंडल का पुत्र असीत मंडल (22 वर्ष) था। सूचना पर एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ बेलहर राजकिशोर कुमार एवं थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने मौके पहुंचकर मामले की छानबीन की।

मृतक के साथी कांवरियों के अनुसार असीत 13 कांवरियों के साथ सुल्तानगंज से जल लेकर बाबाधाम जा रहा था। गुरुवार रात सभी कांवरिया छपरहिया धर्मशाला के पास रुके थे। टोली के कुछ कांवरिया खाना बना रहे थे। जबकि असीत शौच के लिए धर्मशाला के पीछे जंगल की ओर गया था। वहां झाड़ियों में छुपे दो बदमाशों ने उसे लूटने की कोशिश की। बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया जिससे असीत जख्मी हो गया।

वहीं शोर सुनकर साथी कांवरिये मौके पर पहुंचे और जख्मी असीत को रेफरल अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर एसडीपीओ एवं थानाध्यक्ष भी रेफरल अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।