पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
दिल्ली की एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में स्थित लाइब्रेरी में तीन छात्रों की मौत की घटना ने देशभर को झकझोर दिया है। अब जिला प्रशासन अवैध तरीके से चल रहे कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई कर रहा है। बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों पर एसडीओ टीम ने मंगलवार को छापा मारा था। वहीं प्रसिद्ध शिक्षाविद खान सर के कोचिंग इंस्टिट्यूट में ताला लग गया है।
गौरतलब है कि भिखना पहाड़ी में खान सर के कोचिंग कैंपस में डीएम की बनाई गई स्पेशल टीम पहुंची थी। एसडीएम के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल जांच करने पहुंची थी। इसके बाद बुधवार को बोरिंग रोड के ब्रांच में ताला लग गया है। वहीं, कोचिंग संस्थानों की जांच के दौरान प्रशासन के अधिकारियों ने कागजात की मांग की थी।
बता दें कि बेसमेंट हादसे के बाद दिल्ली में दृष्टि आईएएस कोचिंग समेत कई कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार राजधानी के मुखर्जी नगर स्थित दृष्टि समेत कई कोचिंग संस्थानों के बेसमेंट में क्लास चलाने की खबर प्राप्त हुई थी, जिसके बाद उन पर कार्रवाई की गई।