आरजेडी प्रवक्ता और विधायक भाई वीरेंद्र ने विवादित बयान दिया है। मुजफ्फरपुर में लड़कियों से रेप मामले पर उन्होंने कहा कि यह हमेशा होता रहेगा। हमारे यहां कुछ नेता लड़कियां सप्लाई करते हैं। लड़कियों की सप्लाई कर कभी सांसद बन जाते हैं तो कभी मंत्री। राजधानी पटना में मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ये बातें कहीं। वहीं आरजेडी विधायक ने पेपर लीक मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिख रहे सख्त रवैय्ये को लेकर कहा कि सरकार अपने मन मुताबिक कानून बनाती है और अपने मन मुताबिक कानून को बंद करती है।
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाते हुए कहा कि पेपर लीक जो मामला हुआ है, उसमें छोटे स्तर की बात नहीं है। बड़े स्तर के बड़े अधिकारी बड़े राजनेता इसमें शामिल है। जहां-जहां एनडीए की सरकार है, वहीं पेपर लीक होता है। यूपी में भी पेपर लीक हुआ है तो आखिर पहले सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। नया कानून बने लेकिन उसे पर अमल होना चाहिए। भाई वीरेंद्र ने कहा कि हम सरकार से आग्रह करते हैं कि जाति विशेष को देखकर नौकरी नहीं दें।
वहीं भाई वीरेंद्र के ये कहने पर कि पारदर्शिता के साथ नौकरी नहीं दी जाती है, इस पर जेडीयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाई वीरेंद्र को यह जानकारी होना चाहिए कि पहले नौकरी देने के बदले में जमीन ली जाती थी, लेकिन नीतीश कुमार की सरकार में यह सब नहीं होता है। पूरी तरह पारदर्शिता होती है। उनके राज्य में उनके ही परिवार से नैकरी के पैसे लिए जाते थे और नीतीश कुमार के शासनकाल में उनके परिवार को बिना पैसे लिए नौकरी दी जा रही है। इससे अधिक पारदर्शिता का क्या प्रमाण होगा।