कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर अंग्रेजों की तरह पिछले 10 वर्ष में देश के जल, जंगल और जमीन को लूटने का आरोप लगाया। खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धार्मिक आधार पर देश को विभाजित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने हमेशा से हिंदुओं और मुसलमानों को एकजुट करने का काम किया है।
झारखंड के देवघर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, अंग्रेजों की तरह, मोदी सरकार ने 10 साल के दौरान देश का जल, जंगल और जमीन लूटा। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संपत्तियों को अपने अरबपति दोस्तों को सौंप दिया। हमने अंग्रेजों का सामना किया है और हम भाजपा से डरते नहीं हैं।
उन्होंने दावा किया कि पिछली संप्रग (कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकारों ने जल, जमीन और जंगल की रक्षा के लिए कानून बनाए थे लेकिन मोदी सरकार ने नियमों को बदल दिया और कानून को व्यवस्थित रूप से कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंदुओं और मुस्लिमों को एकजुट करती है, जबकि मोदी हिंदुओं और मुस्लिमों को बांटते हैं।
कांग्रेस नेता ने लोगों से भाजपा नीत केंद्र सरकार को बाहर का रास्ता दिखाकर संविधान बचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस आदिवासियों के लिए अलग सरना धार्मिक संहिता लागू करेगी। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, ''मोदी ने चुनाव से पहले एक आदिवासी मुख्यमंत्री को सलाखों के पीछे भेज दिया। झारखंड के लोग इस अन्याय का बदला लेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों को न्याय दिलाने के लिए जाति आधारित सर्वेक्षण कराएगी। खरगे ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो 15 अगस्त के बाद 30 लाख रिक्त सरकारी पदों को भरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने एक साजिश के तहत देश के एकमात्र आदिवासी मुख्यमंत्री को चुनाव से पहले सलाखों के पीछे भेज दिया, लेकिन झारखंड की जनता इस अन्याय का बदला लेगी। उन्होंने कहा, आप (प्रधानमंत्री) महल में रहते हैं, आदिवासी जंगलों में रहते हैं, वे आपसे डरते नहीं हैं और झुकेंगे नहीं।
खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और नए संसद भवन के शिलान्यास समारोह में पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को आमंत्रित नहीं करके आदिवासियों और दलितों का अपमान किया है। उन्होंने मोदी सरकार की अग्निपथ योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इससे रक्षा बलों में नौकरी पाने वालों को अब सैनिकों को मिलने वाला लाभ नहीं मिलेगा।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और देश में विपक्षी सरकारों और नेताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। खरगे कांग्रेस नेता प्रदीप यादव के लिए प्रचार कर रहे थे जो गोड्डा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट के लिए एक जून को मतदान होगा।