झारखंड में लोकसभा चुनाव के चार चरणों के दौरान पुरुषों की तुलना में अधिक महिलाओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार ने यह जानकारी दी। रवि कुमार ने महिलाओं की अधिक मतदान दर के पीछे पुरुषों के प्रवासन के अलावा उनकी सक्रिय भागीदारी को कारण बताया। उन्होंने बताया कि राज्य के 2.58 करोड़ मतदाताओं में से 1.7 करोड़ मतदाताओं ने 14 लोकसभा सीटों पर 244 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए वोट डाले।
उन्होंने कहा कि 1.7 करोड़ मतदाताओं में से 87.11 लाख महिलाएं और 83.85 लाख पुरुष थे। झारखंड में 13 मई से एक जून तक चार चरणों में हुए चुनाव में कुल 66.19 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि 12 लोकसभा सीटों पर महिला मतदाताओं की संख्या अधिक थी। रांची और जमशेदपुर दो निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर आने वाले पुरुष मतदाताओं की संख्या थोड़ी अधिक थी।
झारखंड में 14 लोकसभा सीटों के अंतर्गत 81 विधानसभा क्षेत्र हैं। रवि कुमार ने कहा कि यदि हम विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार आंकड़ों को देखें तो 68 निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक थी, जबकि केवल 13 विधानसभा सीटों पर मत डालने वाले पुरुषों की संख्या अधिक थी।