Saturday 19-Sep-2026

ऑनलाइन गेम में कर्ज लेकर गंवा दिए 20 लाख रुपये, तकादा मांगने पर खुद के अपहरण की रची साजिश

ऑनलाइन गेम में कर्ज लेकर गंवा दिए 20 लाख रुपये, तकादा मांगने पर खुद के अपहरण की रची साजिश

दानापुर, इंपैक्ट लाइव टीम।

यदि आपको भी ऑनलाइन गेम खेलने की आदत लग गई है तो हो जाइये सावाधान। यह खबर जानकर आपके होश उड़ जाएंगे। एक युवक को ऑलनाइन गेम खेलने की लत ने हवालात तक पहुंचा दिया। दरअसल, दानापुर के रूपसपुर निवासी अमित रंजन ने ऑनलाइन गेम में रुपये लगाने के लिए अपने जानने वालों से 20 लाख कर्ज ले लिए पर वह रुपये हार गया। जब कर्ज देने वालों ने तकादा शुरू किया तो उसने खुद ही अपहरण की साजिश रच डाली। पुलिस जांच तेज होने पर शख्स ने सोमवार को थाने में फोन कर सकुशल घर लौट आने की सूचना दी। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तब जाकर सच्चाई सामने आई और पुलिस ने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि अमित ने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी। लिहाजा पुलिस ने गुमराह करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

शेखपुरा के बरबीघा निवासी अमित परिवार के साथ रूपसपुर के लवकुश नगर रहता है। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करता है। अमित ऑनलाइन गेम में जुआ खेलता था। जुआ में अपने पास मौजूद रुपये हार जाने के बाद उसने करीब 20 लाख रुपये कर्ज लिए थे। कर्ज का रुपया भी वह जुए में हार गया। उधर कर्ज देने वाले रुपये वापस के लिए उसपर दबाव बना रहे थे। रुपये ना लौटाने पड़े और कर्ज देने वालों पर दबाव बनाने के लिए अमित ने खुद ही अपहरण की साजिश रची। 25 को अमित ट्रेन से खगड़िया जाने के लिए निकला था।

impact add3

एएसपी दीक्षा ने बताया रात को उसने पत्नी को व्हाट्सएप भेज बताया कि सिमरी बख्तियारपुर में उसका अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ता उससे बीस लाख रुपए मांग रहे हैं। अमित की पत्नी ने पति के अपहरण की शिकायत पुलिस में की। कर्ज देने वालों पर अपहरण की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक टीम को बख्तियारपुर भेजा गया। लेकिन अमित को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली। अमित ने सोमवार को थाने में फोन कर बताया कि वह सकुशल घर लौट आया है।