पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
पटना के महावीर मंदिर द्वारा अब वेद विद्यालय आरंभ किया जा रहा है। दानापुर कैंट में अनुमंडल अस्पताल के सामने महावीर मंदिर द्वारा अधिकृत भवन में इसका संचालन किया जाएगा। इसमें छात्रों के भोजन एवं आवास की निःशुल्क व्यवस्था मंदिर के द्वारा की जाएगी। गुरू पूर्णिमा (21 जुलाई) को वेद विद्यालय का औपचारिक शुभारंभ होगा। इस विद्यालय के लिए प्रवेश शुरू हो चुका है। इसमें पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण छात्रों का नामांकन किया जाएगा। यहां प्रवेश के लिए उम्र की अधिकतम सीमा 12 वर्ष रखी गयी है।
महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि यह वेद विद्यालय महर्षि सान्दीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान, उज्जैन से सम्बद्ध होने की प्रक्रिया में है। यहां से ‘वेद-भूषण’ एवं ‘वेद-विभूषण’ की डिग्री दी जाएगी। इस विद्यालय में वेद के साथ संस्कृत व्याकरण की पढ़ाई भी होगी। वेद भूषण का कोर्स 2 वर्षों का होगा तथा वेद विभूषण का कोर्स कुल मिलाकर 7 वर्षों का होगा। अभिभावक इसके लिए प्राणशंकर मजुमदार से मोबाइल नंबर 8118992209 पर सम्पर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
गौरतलब है कि महावीर मन्दिर (पटना) द्वारा 2004 में वेद विद्यालय आरंभ किया गया था, लेकिन कु कारणों से इसका संचालन रुक गया था। अभी दानापुर में विद्यालय के लायक स्वतंत्र भवन में इसका संचालन एक बार फिर से आरंभ किया जा रहा है।