बिहार की राजधानी पटना में रेलवे स्टेशन के समीप एक होटल में बृहस्पतिवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक दो महिला समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि एसपी सिटी सेंट्रल की ओर से पांच लोगों के मौत की पुष्टि की गई है। वहीं आग में झुलसे दर्जन भर से अधिक लोगों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पचास से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
अग्निशमन दस्ते का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया 'हाड्रोलिक लिफ्ट' के जरिए 20-25 लोगों को होटल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है तथा आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को काम पर लगाया गया। उन्होंने कहा, अग्निशमन टीम के सदस्य होटल के भीतर एक-एक कमरे में जाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। जो भी फंसे हैं उन्हें बाहर निकला जा रहा है। आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है।