राजद सांसद व पाटलिपुत्र क्षेत्र से उम्मीदवार डॉ. मीसा भारती ने तेजस्वी यादव की जनसभा में अपशब्दों से भरे वायरल वीडियो को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि महिलाएं चाहे किसी भी पार्टी से जुड़ी हों, उनके प्रति अभद्र टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। यह बहुत ही दुखद बात है। लेकिन मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेताओं व चिराग पासवान से एक सवाल पूछना चाहती हूं। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान का मुंह उस समय बंद हो गया था, जब सम्राट चौधरी ने मेरी बहन और मेरे पिता पर अभद्र टिप्पणी की थी। तब आपको तकलीफ नहीं हुई थी?
शुक्रवार को चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने के दौरान मीडिया से बातचीत में मीसा भारती ने सवाल किया कि तब क्या प्रतिक्रिया दिया था, क्या आपने उस समय कार्रवाई करने के लिए प्रधानमंत्री को कहा था ? उन्होंने कहा कि तो, कथनी व करनी में फर्क मत कीजिए। ताली एक हाथ से नहीं बजती है। मीसा भारती ने प्रधानमंत्री द्वारा राजद व लालू परिवार पर निशाना साधने पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने दस साल में कुछ किया नहीं।