Saturday 13-Jun-2026

सम्राट चौधरी का दावा, कहा- बिहार में पहले चरण की चारों सीट पर एनडीए की होगी जीत

सम्राट चौधरी का दावा, कहा- बिहार में पहले चरण की चारों सीट पर एनडीए की होगी जीत

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि पहले चरण की सभी चारों सीटों पर एनडीए भारी मतों से जीत रहा है। बिहार में लोग मोदी जी को वोट कर रहे हैं। पिछले चुनाव की तरह ही इस बार भी इन चारों सीट पर एनडीए के प्रत्याशी जीत रहे हैं। सम्राट चौधरी ने कहा कि राजद पिछले चुनाव में भी वे ऐसा ही दावा कर रहे थे।

उन्होंने सवाल करते हुए पूछा कि पिछले चुनाव से इस चुनाव तक क्या ट्रेंड बदल गया? लालू प्रसाद ने क्या ऐसा काम कर दिया। बिहार के लोग मोदीजी के साथ हैं और मतदान कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोकतंत्र के महोत्सव के पहले चरण में हुए देश में 102 सीटों पर मतदान के फीडबैक से यह स्पष्ट हो गया है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा–एनडीए को शानदार जनसमर्थन मिला है और विपक्षी गठबंधन की नफरत की दुकान पर ताला लग गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि देश की महान जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जारी विकास यात्रा के साथ चलना चाहती है और नफरत, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को हराना चाहती है। भाजपा–एनडीए को मिले इस अपार जनसमर्थन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब देश में लंबे समय तक विकास की राजनीति को ही स्वीकार्यता मिलती रहेगी।