झारखंड के रांची में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने एक ट्रक में आग लगा दी, जिसमें एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना यहां से करीब 65 किलोमीटर दूर मैक्लुस्कीगंज-चामा रोड पर मंगलवार को हुई। खलारी के डीएसपी राम नारायण चौधरी ने बताया कि शुरु में संदेह था कि इस घटना को माओवादियों ने अंजाम दिया है।
उन्होंने कहा कि अब ऐसा लग रहा है कि अपराध को स्थानीय गिरोह ने अंजाम दिया है। डीएसपी के मुताबिक चार लोग ट्रक के पास पहुंचे और ड्राइवर से पैसे मांगे। उनमें से एक ने देसी पिस्तौल से दो गोलियां चलाईं, जिससे ड्राइवर भाग गया। उन्होंने बताया कि ड्राइवर के साथ मौजूद रसोइया ट्रक के अंदर छिप गया। ट्रक को बाद में गिरोह ने आग लगा दी जिससे रसोइए की जिंदा जलकर मौत हो गई।
डीएसपी ने बताया कि ट्रक में करीब 150 लीटर डीजल था, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि आगे की जानकारी के लिए चालक से पूछताछ की जा रही है।