Monday 24-Aug-2026

आज से 5 दिन चलेगा बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र, सरकार को घेरने की तैयारी

आज से 5 दिन चलेगा बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र, सरकार को घेरने की तैयारी

पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।

बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार (22 जुलाई) से शुरू हो रहा है। यह 26 जुलाई यानी पांच दिनों तक चलेगा। विपक्षी दलों ने मानसून सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। आज पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का उद्घोषण होगा। वहीं उपचुनाव में रुपौली से निर्दलीय जीते शंकर सिंह शपथ ग्रहण करेंगे। इसके बाद सरकार अध्यादेश की प्रति जारी करेगी। सबसे महत्वपूर्ण है कि आज पहले दिन सरकार बीते चार साल का अनुपूरक बजट भी पेश करेगी। इस बजट पर 25 जुलाई को विधानसभा में मुहर लगेगी। वहीं उच्च सदन में 26 जुलाई को मुहर लगेगी।

दूसरे दिन यानी मंगलवार (23 जुलाई) और तीसरे दिन यानी बुधवार (24 जुलाई) को राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य किए जाएंगे। 25 जुलाई को 2024-25 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद, मतदान एवं विनियोग विधेयक पेश किए जाएंगे। सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार (26 जुलाई) को गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे।

impact add4

यह सत्र भले छोटा है, लेकिन पांच दिनों का यह सत्र काफी हंगामेदार होने वाला है। विपक्ष इसके लिए पूरी तैयारी में है। सरकार से अलग होने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरी बार विधानसभा में आमने-सामने होंगे। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर, नीट पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरेगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में निर्देश जारी हुआ है कि कांवड़िया पथ पर दुकानदार अपनी दुकान पर नेम प्लेट लगाएंगे इस पर भी हंगामा हो सकता है क्योंकि इसे बिहार में भी लागू करने की मांग एनडीए के नेता कर रहे हैं। उधर सरकार भी जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।