बिहार के नवादा जिले में शुक्रवार को बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचना पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बुधौली पंचायत के वर्तमान मुखिया पप्पू मांझी के रूप में हुई है। पकरीबरावां के डीएसपी महेश चौधरी ने वारदात की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बुधौली स्कूल के पास मुखिया के शव को बरामद किया गया है। पप्पू मांझी के सिर में गोली मारकर हत्या की गई है।
मृतक की मौसी सांस कारी देवी ने बताया कि उन्हें कोई संतान नहीं है, जिसके कारण मुखिया पप्पू मांझी अपने ससुराल में ही रहता था। रात नौ बजे वह हर दिन की तरह घर से निकला, लेकिन रात में घर वापस नहीं आया। घर के लोग सो गए। वहीं, सुबह गांव के लोगों से पता चला कि पप्पू मांझी की किसी ने इंटर विद्यालय बुधौली के समीप हत्या कर दी है, जब परिवार के लोग पहुंचे तो देखा कि गोली मारकर हत्या की गई है।
मुखिया की गोली मारकर हत्या के मामले में डीएसपी के साथ तमाम पुलिस पदाधिकारी गांव में कैंप कर रहे हैं। वहीं, डीएसपी महेश चौधरी ने कहा कि मुखिया की गोली मारकर हत्या की गई है। फिलहाल पूरे मामला की हर एक बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधी की खोजबीन कर पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।