खगड़िया जिले के अलौली थाना की सहसी पंचायत के वार्ड संख्या 14 जोगिया गांव में सोमवार की शाम एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद के बाद युवक को चाकू मारा गया। युवक की पहचान शाकीर के 18 वर्षीय पुत्र मुकब्बीर के रूप में की गई। इस सनसनीखेज वारदात के कारणों की अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। बताया जाता है कि जोगिया कब्रिस्तान व पनपीवी श्मसान के बीच स्थित खेत में आसपास के युवकों के बीच क्रिकेट खेला जा रहा था। इसी दौरान शाकीर को किसी ने चाकू घोंप दिया।
चाकू किसने मारा यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक काफी शांत मिजाज का था। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। उसके पिता मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। इधर थानाध्यक्ष समरेन्द्र कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों के बारे में पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मैच का आयोजन कराने वालों से भी पूछताछ करेगी।