बिहार के अरिया जिले में बीजेपी नेता राजीव कुमार झा उर्फ पप्पू झा की संदिग्ध मौत से जिले में हड़कंप मच गया। पप्पू झा का शव गुरुवार को शहर के शिवपुरी स्थित एक घर से बरामद हुआ। हालांकि जिस घर से उनकी लाश बरामद हुई है वहां से पांच मीटर पर ही पप्पू झा का आवास भी है। मूल रूप से जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के रहनेवाले अररिया कॉलेज अररिया के रिटायर व्यख्याता अंनत मोहन झा के पुत्र राजीव कुमार झा लंबे समय से अररिया में रहते थे और भाजपा के सक्रिय नेता थे। वे भाजपा में जिलाउपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। घटना की सूचना पर फॉरेन्सिक टीम, डीआईयू, डॉग स्क्वायड और नगर थाना पुलिस सहित वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना स्थल के समीप लगे सीसीटीवी के डीवीआर को पुलिस ने जब्त कर पड़ताल शुरू कर दी है। पप्पू झा की लाश मिलने की सूचना के बाद शिवपुरी स्थित बीएसएनएल ऑफिस के बगल वाली गली स्थित घटना स्थल पर बीजेपी नेताओं का जमावड़ा लगा लग गया। परिजनों का आरोप है कि गला दबाकर पप्पू की हत्या की गई है। सर मुंह और नाक से निकल रहे खून से उनकी हत्या की भी आंशका जताई जा रही है। घटना की सूचना के बाद एसपी अमित रंजन, एएसपी रामपुकार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी माधुरी कुमारी, नगर थानेदार मनीष रजक के साथ-साथ फॉरेन्सिक टीम, डीआईयू की टीम मामले की पड़ताल शुरू की। इसके बाद डॉग स्क्वायड की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया।आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई।
एसपी अमित रंजन ने कहा कि भाजपा नेता की लाश मिली है। पुलिस हर एंगल से इसकी पड़ताल कर रही है। फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है। मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पप्पू झा की लाश मिलने की जानकारी के बाद पत्नी सहित अन्य रिश्तेदार व परिजन मौके पर पहुंचे। हालांकि पति की मौत की खबर सुन उनकी पत्नी बेसुध हो गयी। इसके बाद घर ले जाया गया। फिलहाल मौत के कारणों या फिर हत्या का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच हो रही है। उसके बाद ही स्तिथि स्पष्ट होगी।