रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
भाकपा माओवादियों के रीजनल कमांडर रवींद्र गंझू से जुड़े टेरर फंडिंग केस में एनआईए ने रांची के मैक्लुस्कीगंज और लातेहार में छापेमारी की। यह छापेमारी ईंट भट्ठा संचालक रोहित यादव और ठेकेदार जीतेंद्र पांडेय के ठिकानों पर की गई। छापेमारी में रोहित यादव के आवास से 36 लाख कैश मिले हैं। एनआईए ने कई कागजात, बैंक खातों से जुड़ी जानकारी व डिवाइस जब्त किए हैं।
एनआईए की टीम ने रांची के मैकलुस्कीगंज और लातेहार के निंद्रा में कुल तीन जगहों पर सुबह छह बजे से दोपहर ढाई बजे तक छापेमारी की। करीब साढ़े आठ घंटे तक चली छापेमारी में रोहित यादव के आवास से 36 लाख रुपए नगद, मोबाइल और कुछ कागजात मिले। जिसे एनआईए की टीम साथ ले गई। एनआईए ने केस संख्या आरएन/2/2022 के तहत माओवादी कमांडर रवींद्र गंझू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसी सिलसिले में रांची और लातेहार सीमा पर चार घरों में छापेमारी की गई।
मैकलुस्कीगंज में थाना परिसर से एक सौ मीटर की दूरी पर ही तीनों घरों में छापेमारी की गई थी। जबतक छापेमारी जारी रही, यह इलाका छावनी में तब्दील रहा। एनआईए अधिकारियों के साथ काफी संख्या में सुरक्षा बल और पुलिस अधिकारी शामिल थे।