Saturday 13-Jun-2026

नीतीश सरकार ने मंजूर की केके पाठक की छुट्टी, 30 जून तक रहेंगे लीव पर; किसे मिलेगा ACS का चार्ज?

नीतीश सरकार ने मंजूर की केके पाठक की छुट्टी, 30 जून तक रहेंगे लीव पर; किसे मिलेगा ACS का चार्ज?

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक की 3 जून से 30 जून तक की छुट्टी सरकार ने मंजूर की है। केके पाठक 28 दिनों तक उपार्जित अवकाश पर रहेंगे। केके पाठक भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1990 बैच के अधिकारी है। उन्होंने एक दिन पूर्व राज्य सरकार के समक्ष लंबी छुट्टी पर जाने का आवेदन दिया था। रविवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने केके पाठक की अवकाश पर जाने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। केके पाठक वर्तमान में बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान- विपार्ड के महानिदेशक की भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

विभाग के अनुसार केके पाठक की अनुपस्थिति की अवधि में उनके पद एवं दायित्वों का अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ संभालेंगे। डॉ. सिद्धार्थ फिलवक्त मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के पद पर हैं। साथ ही उनके पास मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है। डॉ. सिद्धार्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1991 बैच के अधिकारी है।