Saturday 13-Jun-2026

नीतीश की जेडीयू का इंडिया गठबंधन पर बड़ा बयान, तेजस्वी और कांग्रेस की भी लिया नाम

नीतीश की जेडीयू का इंडिया गठबंधन पर बड़ा बयान, तेजस्वी और कांग्रेस की भी लिया नाम

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू ने शुक्रवार को इस बात पर जोर दिया कि पार्टी मजबूती से विपक्षी इंडिया गठबंधन के साथहै लेकिन वह चाहती है कि कांग्रेस गठबंधन सहयोगियों और सीटों के बंटवारे के संबंध में आत्मनिरीक्षण करे। बिहार जेडीयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने यह बयान इन अफवाहों का खंडन करते हुए दिया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उनकी पार्टी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में वापसी के बारे में सोच रही है।

कुशवाहा ने पत्रकारों से कहा कि बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन में सब कुछ ठीक है और मीडिया की अटकलें किसी एजेंडे से प्रेरित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मैं कल और आज भी मुख्यमंत्री से मिला। यह एक नियमित मामला है। चल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। हम उन अफवाहों को भी खारिज करते हैं कि पार्टी विधायकों को तुरंत पटना आने के लिए कहा गया है।

उन्होंने नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के गणतंत्र दिवस परेड में एक-दूसरे से दूर बैठे होने को अधिक तवज्जो नहीं दी और कहा कि हम मजबूती से इंडिया गठबंधन के साथ हैं।

कुशवाहा ने कहा कि हम चाहते हैं कि कांग्रेस, जो हमारी गठबंधन सहयोगी है, अन्य घटक दलों के प्रति अपने रुख और सीटों के बंटवारे के संबंध में कुछ आत्मनिरीक्षण करे। हमारे नेता नीतीश कुमार लंबे समय से सीट-बंटवारे समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं ताकि हम लोकसभा चुनावों पर ध्यान केंद्रित कर सकें। जदयू नेता का यह बयान विपक्षी गठबंधन इंडिया गठबंधन के दो घटक दलों टीएमसी और आप के क्रमशः पश्चिम बंगाल और पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज करने की पृष्ठभूमि में आया है।