Saturday 02-May-2026

VIDEO: वक्फ बिल का नीतीश कुमार की जेडीयू ने किया समर्थन, ललन सिंह बोले- ये मुस्लिम विरोधी नहीं...

VIDEO: वक्फ बिल का नीतीश कुमार की जेडीयू ने किया समर्थन, ललन सिंह बोले- ये मुस्लिम विरोधी नहीं...

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

लोकसभा में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ कानून में संशोधन वाले बिल को पेश किया। इस दौरान सदन में काफी ज्यादा हंगामा किया। स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप लोग हल्ला मत करिए. जिन सदस्यों ने नोटिस दिया है, सभी को बोलने का मौका दिया जाएगा। वहीं इस विधेयक का बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने खुलकर समर्थन किया है। जेडीयू सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कहा है कि विपक्षी सांसदों की बातों से लग रहा है कि ये कानून मुस्लिम विरोधी है। इसमें कौन सा कानून मुस्लिम विरोधी है। यहां पर मंदिर और गुरुद्वारा प्रबंधक का उदाहरण दिया जा रहा है। अगर विपक्ष को मंदिर और संस्था में अंतर नजर नहीं आ रहा है तो ये कौन सा तर्क है। वक्फ बोर्ड में पारदर्शिता लाने के लिए कानून बनाया जा रहा है। कोई धर्म के नाम पर बंटवारा नहीं हो रहा है।

ललन सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल अल्पसंख्यकों की बात कर रहे हैं। इस देश में हजारों सिखों को मारने का काम किसने किया। सब जानते हैं कि ये कांग्रेस ने किया है। सड़कों पर घूम-घूमकर सिखों की हत्या की थी। इस बिल के जरिए पारदर्शिता आएगी, यही मेरा सबसे आग्रह है।

इससे पहले कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ये बिल संविधान के खिलाफ है। वक्फ बोर्ड के पास संपत्तियां उन लोगों के जरिए आती हैं, जो इसे दान करते हैं। सरकार इस बिल के जरिए ये प्रावधान कर रही है कि गैर मुस्लिम भी गवर्निंग काउंसिल के सदस्य हो सकते हैं। मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि क्या अयोध्या मंदिर बोर्ड का हिस्सा कोई गैर-हिंदू बन सकता है। गैर-मुस्लिम को काउंसिल का हिस्सा बनाना धर्म की आजादी के अधिकार पर हमला है। उन्होंने कहा कि अभी आप कह रहे हैं कि आप संविधान बचा रहे हैं, ऐसा नहीं है. सरकार अभी मुस्लिमों को निशाना बना रही है, फिर ईसाइयों, जैनों, पारसी को निशाना बनाया जाएगा. हम लोग भी हिंदू हैं, लेकिन साथ ही हम अन्य धर्मों का भी सम्मान करते हैं।

impact add1