पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जान को खतरा है। इतना ही नहीं पप्पू यादव के परिवार को धमकियां भी मिल रही हैं। इसे लेकर पूर्णिया सांसद ने खुद की सुरक्षा बढ़ाये जाने की मांग की है। शुक्रवार को दिल्ली से पटना पहुंचे पप्पू यादव ने ये बातें एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत के दौरान साझा की। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री को मैं 10 बार चिट्ठी लिख चुका हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी आग्रह कर चुका हूं।
पप्पू यादव ने कहा कि संसद में बालू माफिया, मेडिकल माफिया, ड्रग्स माफिया सबका मुद्दा उठा रहा हूं, इसलिए हम को खतरा है। उन्होंने कहा कि चर्चा यह भी है कि चार-पांच करोड़ रुपया अपराधियों को दिया गया है। पूर्णिया सांसद ने दावा करते हुए कहा है कि हमको कहा जा रहा घर में घुसकर मारेंगे। पूर्णिया में नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अवधेश यादव जो मेरे करीबी थे उनकी हत्या हो गई। ये पुलिस पता लगाए कि अपराधी हथियार कहां से ला रहे हैं कहां रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपराधियों से डरता नहीं हूं। या तो अपराधी मुझे मार दें नहीं तो जिंदा रहूंगा तो सड़क से लेकर संसद तक अपराधियों को नंगा करुंगा। अपराधियों से मेरी आर-पार की लड़ाई है।
पप्पू यादव ने मांग की है कि मुझे जेड श्रेणी की सुरक्षा मिले। मेरी सुरक्षा में कटौती हुई है। वाई थ्रेड सुरक्षा श्रेणी से वाई श्रेणी की सुरक्षा में रखा गया है, जो मेरे लिए कम है। गौरतबता दें कि पप्पू यादव ने बीते 15 जुलाई को गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. उन्होंने लिखा था कि मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों को जान का खतरा है. सांसद ने अमित शाह से अपनी सुरक्षा को वाई कैटेगरी से बढ़ाकर जेड कैटेगरी में करने की मांग की थी।