भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मतगणना के रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आगे है और लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा किया है। मतगणना के शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने यहां मीडिया से कहा कि यह विकसित भारत की नींव है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश शिखर पर पहुंचेगा। जोशी ने कहा, राजग आगे है। निश्चित रूप से लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनकी नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा किया है। यह विकसित भारत की नींव है और मोदी जी के नेतृत्व में भारत शिखर पर पहुंचेगा। राजस्थान में कई सीट पर भाजपा के पिछड़ने पर जोशी ने कहा कि ये शुरुआती रुझान हैं और राजस्थान में लोग भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हैं और उनकी गारंटी पर भरोसा किया है। चित्तौड़गढ़ संसदीय सीट पर जोशी कांग्रेस के उदयलाल आंजना से 25,090 मतों से आगे हैं।