Saturday 13-Jun-2026

तख्त साहिब में नतमस्तक हुए पीएम मोदी, खुद बनाया प्रसाद और की लंगर की सेवा

तख्त साहिब में नतमस्तक हुए पीएम मोदी, खुद बनाया प्रसाद और की लंगर की सेवा

दशमेश पिता साहिब श्रीगुरु गोविंद सिंहजी की जन्मस्थली तख्तश्री हरिमंदिरजी में सोमवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नतमस्तक हुए। सुबह साढ़े नौ बजे पीएम का काफिला गुरुघर पहुंचा। इसके बाद पीएम ने दरबार साहिब में हाजिरी लगाई और गुरु महाराज के सामने मत्था टेकने के बाद दरबार साहिब में बैठकर शब्द कीर्तन सुना। उन्हें गुरु महाराज के अस्त्र-शस्त्रों के दर्शन कराए गए। मत्था टेकने के बाद पीएम अखंड पाठ का सुमिरन करने पहुंचे और सेवा की। इसके बाद पीएम लंगर हॉल पहुंचे जहां उन्होंने खुद प्रसादा (रोटी ) व दाल तैयार किया और इसके बाद पंगत में बैठी संगत को लंगर परोसा।

लंगर हॉल में बैठी संगत के बीच पीएम ने खीर की सेवा की। पीएम बच्चों व संगत से भी मिले। महिला श्रद्धालु ने प्रधानमंत्री को माता गुजरी की तस्वीर भेंट की। तख्त साहिब पहुंचे पीएम का पटना साहिब के प्रत्याशी व निवर्तमान सांसद रविशंकर प्रसाद, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने स्वागत किया। वहीं जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने सिरोपा भेंट की। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सोमवार की अहले सुबह से ही लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। मेरिन ड्राइव से लेकर गुरुघर के दोनों ओर स्थानीय संगत व लोगों की भीड़ लगी थी। प्रधानमंत्री सभी का अभिवादन करते हुए दस बजे हाजीपुर के लिए निकल गए।