प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। शुक्रवार की सुबह 9 बजे उन्होंने ट्वीट कर मुख्यमंत्री को बधाई दी। ट्वीट में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिन की बधाई। प्रधानमंत्री ने उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे लंबे समय तक लोगों की सेवा करते रहेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 73वां जन्मदिन जदयू प्रदेश कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने 73 पौंड केक काटा और मुख्यमंत्री के निरोग एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान पार्टी कार्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी तादाद में आम लोगों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं एवं मुफ्त दवाईयां वितरण की गई। साथ ही 51 महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।