प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को आईआईटी पटना के नवर्निमित 24 भवनों का लोकार्पण करेंगे। वे वर्चुअल माध्यम से दिन साढ़े ग्यारह बजे आईआईटी पटना परिसर के विस्तार के द्वितीय चरण में हुए निर्माण को लोकार्पित करेंगे। नवनिर्मित अकादमिक और आवासीय भवनों के निर्माण में 466 करोड़ की लागत आई है। संस्थान परिसर में आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को न्योता भेजा गया है। सोमवार की देरशाम तक परिसर में लोकार्पण से जुड़ी तैयारियां चलतीं रहीं। गणमान्य लोगों के आगमन से पूर्व परिसर में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चप्पे चप्पे का जायजा लिया गया।
आईआईटी पटना के निदेशक प्रो टीएन सिंह ने बताया कि परिसर में दो अकादमिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, छात्रावास, सेंट्रल लेक्चर हॉल, स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर सहित कई सुविधाएं विकसित हुई हैं। दूसरे चरण में एक लाख आठ हजार स्क्वॉयर मीटर क्षेत्र में निर्माण हुआ है, जिसमें 45 हजार 610 स्क्वॉयर मीटर में अकादमिक कॉम्प्लेक्स बने हैं। जबकि 61 हजार 951 मीटर में आवासीय कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। नए निर्माणों में छह तल्ला केंद्रीय पुस्तकालय शामिल है जहां अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। परिसर में 4948 स्क्वॉयर मीटर में एक भव्य सभागार का निर्माण हुआ है जिसमें 1000 लोगों के बैठने की क्षमता है।