Saturday 09-May-2026

बिहार में पुल हादसों पर पॉलिटिक्स हाई, लालू ने पीएम मोदी व नीतीश कुमार पर बोला हमला; तेजस्वी ने भी दागे सवाल

बिहार में पुल हादसों पर पॉलिटिक्स हाई, लालू ने पीएम मोदी व नीतीश कुमार पर बोला हमला; तेजस्वी ने भी दागे सवाल

बिहार में पुल गिरने या फिर उसके पाया के ढहने की खबरें लगातार आ रही हैं। इसे लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। राज्य में पुल के गिरने पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लालू ने पोस्ट किया है। वहीं राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए हैं।

लालू ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार इसका दोष भी मुगलों, अंग्रेजों और विपक्षियों को ही देंगे। कल एक ही दिन में 5 पुल ढहे। 15 दिन में 12 पुल गिर चुके हैं। पुलियों का कोई हिसाब-किताब नहीं।

वहीं दूसरी ओर तेजस्वी यादव ने कहा कि 4 जुलाई यानि आज सुबह बिहार में एक पुल और गिरा। कल 3 जुलाई को ही अकेले 5 पुल गिरे। 18 जून से लेकर अभी तक 12 पुल ध्वस्त हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन उपलब्धियों पर एकदम खामोश एवं निरुत्तर है। सोच रहे हैं कि इस मंगलकारी भ्रष्टाचार को जंगलराज में कैसे परिवर्तित करें? तेजस्वी ने कहा कि सदैव भ्रष्टाचार, नैतिकता, सुशासन, जंगलराज, गुड गवर्नेंस इत्यादि पर राग अलपा। दूसरों में गुण दोष के खोजकर्ता, कथित उच्च समझ के उच्च कार्यकर्ता, उन्नत कोटि के उत्कृष्ट पत्रकार सह पक्षकार तथा उत्तम विचार के श्रेष्ठ लोग अंतरात्मा का गला घोंट इन सुशासनी कुकृत्यों पर चुप्पी की चादर ओढ़ सदाचारी बन चुके हैं।

गौरतलब है कि 3 जुलाई को सीवान के महाराजगंज और छपरा से पुल गिरने की खबर सामने आई थी। छपरा के लहलादपुर प्रखंड के जनता बाजार ढोढ़नाथ मंदिर के पास नदी पर बना पुल ध्वस्त हो गया। वहीं सीवान में एक पुलिया महराजगंज की देवरिया पंचायत में ध्वस्त हुआ है, जो धमही नदी पर बना था। दूसरा पुलिया महाराजगंज प्रखंड के नौतन सिकंदरपुर गांव के समीप ध्वस्त हुआ है। यह गंडकी नदी पर बना था।