Saturday 09-May-2026

बिहार संपर्क क्रांति से मुजफ्फरपुर पहुंचे सॉफ्टवेयर इंजीनियर को लूटा, बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंका

बिहार संपर्क क्रांति से मुजफ्फरपुर पहुंचे सॉफ्टवेयर इंजीनियर को लूटा, बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंका

बिहार में आए दिन लुटेरे लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर का है, जहां बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से पहुंचे सॉफ्टवेयर इंजीनियर राम विनय ठाकुर से लूटपाट की गई। सॉफ्टवेयर इंजीनियर को नशा खुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार गिरो के सदस्य ने ट्रेन के अंदर विनय ठाकुर से दोस्ती की, फिर गांव के बगल का होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद कार में लिफ्ट देने का झांसा देकर मोबाइल, नगदी, एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान को बदमाशों ने लूट लिया।

बदमाशों ने इंजीनियर को लूटने के बाद बेहोशी की हालत में गायघाट में सड़क के किनारे फेंक कर फरार हो गए। इस घटना को लेकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने इमेल से नगर थाने में लिखित शिकायत की थी। इसके आधार पर नगर थाने में जीरो एफआइआर दर्ज की गयी। घटना एक जुलाई से पहले की होने के कारण यह एफआइआर भारतीय न्याय संहिता में न दर्ज होकर आइपीसी की धारा में ही दर्ज की गयी है। नगर थाने से जीरो एफआइआर की कॉपी गायघाट थाने को भेज दी गयी है।

नगर थाने में दर्ज जीरो एफआइआर में पीड़ित सॉफ्टवेयर इंजीनियर राम विनय ठाकुर ने बताया है कि वह मूल रूप से गायघाट थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर के रहने वाले हैं और 28 जून को बिहार संपर्क क्रांति से मुजफ्फरपुर आए थे। उन्होंने बताया कि चार-पांच लोगों ने उसको अपने झांसे में ले लिया। कहा कि आपके गांव के पास का हूं, चलिए आपको लिफ्ट दे देते हैं। उन लोगों ने गायघाट ले जाने के दौरान उन्हें टोल प्लाजा के ऊपर से ले जाने के बजाए नीचे से ले गए। फिर मुंह पर कुछ छिड़क कर बेहोश कर दिया। फिर मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, मेट्रो कार्ड, एसबीआइ कार्ड, दो एटीएम कार्ड, छह हजार नकद, दो ट्रॉली बैग भी लूट लिया।