पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
जन सुराज अभियान चलाने वाले प्रशांत किशोर ने बिहार में लागू शराबबंदी को खत्म करने की बात कही है। प्रशांत किशोर ने दावा करते हुए कहा है कि बिहार में शराबबंदी फेल है। महात्मा गांधी का हवाला देते हुए पीके ने कहा कि उन्होंने भी शराबबंदी करने की बात नहीं कही थी। दरभंगा जिले में जन सुराज अभियान के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो एक घंटे में शराबबंदी खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि सालाना 20 हजार करोड़ रुपए की हानि हो रही है। बिहार में खुलेआम अवैध रूप से शराब बिकती है और इसका पैसा भ्रष्ट अधिकारी और माफियाओं की जेब में जाता है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में शराबबंदी होने से राज्य का विकास हुआ है, इसका कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने अमेरिका का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी शरारबंदी है लेकिन इसका कोई फायदा नहीं है। शराबबंदी से सिर्फ राज्य को नुकसान हो रहा है। महात्मा गांधी को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार और उनके चेले बताते हैं कि महात्मा गांधी ने शराबबंदी का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार दिखाएं कि महात्मा गांधी ने ऐसी बात कहां कही थी। अगर गांधी जी ने कहा कि कानून बनाकर शराबबंदी करना है तो इसका प्रामाण दिखाएं। मैं नीतीश कुमार का पैर पकड़ कर माफी मांग लूंगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने (नीतीश कुमार) महात्मा गांधी के विचार को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। उन्होंने गांधी जी को लेकर कहा कि उन्होंने कहा था कि शाकहारी होने के कई फायदे हैं, इसका मतलब है कि कल नियम बना दिया जाएगा कि जो मांस खाएगा उसे जेल में डाल दिया जाएगा। बिहार में अधिकारी और माफिया की मिलीभगत से शराब की होम डिलीवरी हो रही है। बता दें कि 2 अक्टूबर को प्रशांत किशोर औपचारिक तौर पर राजनीतिक दल का गठन करने जा रहे हैं।