राजद के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता व सांसद प्रो मनोज कुमार झा ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले मंडल कमीशन की अनुशंसा को पढ़ें, फिर उस पर बात करें। हमने परिर्वतन पत्र तैयार किया है। उसके आधार पर हमलोग बात कर रहे हैं। प्रो झा गुरुवार को प्रदेश राजद कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। प्रो. झा ने इस मौके पर राजद का थीम सांग ‘तेजस्वी है तो ताकत है’ जारी किया।
मौके पर पत्रकारों से बातचीत में प्रो. झा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी भाषाई मर्यादा तोड़ रहे हैं। जिस तरह के शब्दों का उपयोग वे लगातार कर रहे हैं, वह प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को खंडित कर रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री के उस बयान पर भी मनोज झा ने आपत्ति जताई जिसमें प्रधानमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो पूरा आरक्षण मुस्लमानों को दे देगी।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा हिंदुओं की जनसंख्या कम होने को लेकर उठाए गए सवाल पर मनोज झा ने कहा कि गिरिराज सिंह को छोड़िये हम तो प्रधानमंत्री से ही सवाल कर रहे हैं। झूठ फैलाकर राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, अरूण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा सहित अन्य नेता मौजूद थे।