Saturday 13-Jun-2026

बिहार शिक्षा विभाग की पूर्व उप निदेशक की 2.5 करोड़ की संपत्ति जब्त, ईडी की बड़ी कार्रवाई; क्या है पूरा मामला?

बिहार शिक्षा विभाग की पूर्व उप निदेशक की 2.5 करोड़ की संपत्ति जब्त, ईडी की बड़ी कार्रवाई; क्या है पूरा मामला?

पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बिहार शिक्षा विभाग की उच्च शिक्षा की पूर्व उपनिदेशक विभा कुमारी की राजधानी पटना में 2.5 करोड़ से अधिक की संपत्ति को अस्थायी तौर पर जब्त कर ली है। ईडी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में पीएमएलए 2002 के तहत केस दर्ज किया है। विभा ने पद का दुरुपयोग करके करोड़ों की संपत्ति बनाई है।

ईओयू ने नवंबर 2022 में विभा कुमारी के पटना, दानापुर और वैशाली स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान स्वयं, पति एवं बेटे के नाम पर दिल्ली डीडीए और मुजफ्फरपुर में तीन-तीन प्लॉट के अलावा वैशाली के धर्मपुर स्थित ससुराल में विशाल आवासीय भू-खंड के दस्तावेज मिले मिले थे। इस दौरान आधा दर्जन बैंकों में 41 खाते मिले जिसमें बचत व फिक्स डिपोजिट के रूप में करीब 50 लाख जमा पाया गया था। पति के नाम पर शेयर, म्युचअल फंड और अन्य बीमा कंपनियों में भी बड़ी राशि जमा करने की जानकारी मिली थी।

ईओयू ने इस मामले को ईडी को सुपुर्द कर दिया था। दरअसल, ईओयू को गुप्त सूचना मिली थी कि विभा कुमारी ने अपने पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर ली है। शिकायत के बाद हुई जांच में आरोप को सही पाया गया है। आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 35/22 कांड दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई थी। विभा कुमारी उच्च शिक्षा में उप-निदेशक के पद पर पकार्यरत थी और फिलहाल सेवानिवृत्त हो गई हैं।