पटना साहिब से एनडीए प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद ने सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस और राजद के नेताओं को घेरा है। गुरुवार को भाजपा मीडिया सेंटर में उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा की नस्लीय टिप्पणी भारत को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने पूछा कि पित्रोदा के बयान के एक दिन बाद भी सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और लालू प्रसाद सहित विपक्षी पार्टियों के नेता चुप क्यों हैं?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल चुपचाप सैम पित्रोदा का इस्तीफा ले लिया। सच है कि सैम पित्रोदा के बयान का इंडिया गठबंधन के तमाम नेताओं का मौन समर्थन है। इस मामले पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव सब चुप हैं। विपक्षी नेताओं को पित्रोदा के बयान की निंदा करनी चाहिए थी। सैम पित्रोदा राजीव गांधी के सलाहकार थे और राहुल गांधी के भी हैं। जिस तरीके का बयान उन्होंने दिया है उसे पूरा देश शर्मसार है और इसका जवाब कांग्रेस अभी तक क्यों नहीं दे रही है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी के गुरु पित्रोदा उन्हें जो सिखाते हैं वही वे सीखते हैं। इसके पहले सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स लगाने की बात कही थी। कहा कि भाजपा, एनडीए सांस्कृतिक एकता और भौगोलिक एकता की पक्षधर है।