Saturday 13-Jun-2026

आरजेडी विधायक और एमएलसी 40 घंटे तक तेजस्वी आवास में रहेंगे, खाने-पीने का भी इंतजाम

आरजेडी विधायक और एमएलसी 40 घंटे तक तेजस्वी आवास में रहेंगे, खाने-पीने का भी इंतजाम

राजद के विधायक और विधान पार्षदों को अगले 40 घंटे तक पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के सरकारी आवास पांच देशरत्न मार्ग पर ही रोक लिया गया है। उन्हें पहले पार्टी के विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्हें 3-4 बजे शाम तक आवास पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था। पटना व दूसरे जिलों से पार्टी के विधायक भागते हुए बैठक में पहुंचें। वहां उन्हें अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए बैठक के बाद वहीं पर रहने को कहा गया है। प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि पार्टी विधायकों की इच्छा का सम्मान पार्टी नेतृत्व रखते हैं। विधायकों को लगता है कि साथ रहें तो उनके लिए इंतजाम करना ही होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान सभी विधायकों को कपड़े, दवा एवं अन्य जरूरी सामान मंगवाने को कहा गया। जिसके बाद उनके ड्राइवर एवं सहयोगी जरूरी सामान लेकर देर शाम तक वहां पहुंचते रहे। प्रारंभ में विधायकों का मोबाइल फोन भी जमा कर लिया गया।

तेजस्वी आवास पर खाने-पीने व रहने की व्यवस्था
राजद ने पहले ही पार्टी विधानमंडल दल में किसी प्रकार की टूट से बचाने के लिए सभी पार्टी विधायक एवं विधान पार्षदों को अन्य स्थानों पर ले जाने के स्थान पर पटना में ही रोके रखने की तैयारी कर ली थी। इसके लिए वहां खाने-पीने के सामान सहित तोसक-गद्दा एवं अन्य जरूरी सामान दोपहर बाद से ही मंगाया जाने लगा था।