आरजेडी 5 जुलाई को अपना 28वां स्थापना दिवस समारोह मना रही है। पार्टी के पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय के अलावा जिलों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पटना में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में पार्टी के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव शामिल होंगे। इस बीच जेडीयू के मुख्य प्रवत्ता नीरज कुमार ने राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। दरअसल, एक ओर पार्टी के सांसद, विधायक और दिग्गज नेता स्थापना दिवस कार्यक्रम में लगे हैं, तो वहीं दूसरी ओर तेजस्वी यादव के बिहार से बाहर रहने पर नीरज कुमार ने चुटकी ली है।
तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना कहा है कि आरजेडी अपना 28वां स्थापना दिवस मना रहा है, ट्विटर बबुआ किस गोला पर हैं, कहां है, आपका क्या है लोकेशन, आशा करते हैं जिस गोला पर होंगे स्वस्थ होंगे और आप वहां से ही अपना ट्वीटर ज्ञान देते रहिएगा।
गौरतलब है कि बिहार में लोकसभा चुनाव के बाद तेजस्वी यादव पिछले कई दिनों से बिहार से बाहर हैं। कहा जा रहा है कि वो विदेश में है, लेकिन पार्टी के नेताओं को भी सही जानकारी नहीं है। वहीं सोशल मीडिया पर तेजस्वी लगातार एक्टिव हैं। बिहार में पुल-पुलिया जिस प्रकार से गिर रहे हैं, उसको लेकर नीतीश सरकार को तेजस्वी सोशल मीडिया पर लगातार घेर रहे हैं।