पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
बिहार के रुपौली विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय शंकर सिंह विजयी हुए। यह सीट उन्होंने जदयू से छीन ली है। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी जदयू प्रत्याशी कलाधर प्रसाद मंडल को 8246 वोटों से शिकस्त दी।
शनिवार को हुई गिनती के मुताबिक रुपौली उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह को कुल 68,070 वोट मिले, जबकि जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल ने कुल 59,824 वोट हासिल हुआ। वहीं, राजद उम्मीदवार बीमा भारती 30,619 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहीं। पिछले विधानसभा चुनाव में जदयू के टिकट पर बीमा भारती विधायक बनी थीं। हालांकि लोकसभा चुनाव के पूर्व वह जदयू से इस्तीफा देकर राजद में शामिल हो गई थीं। लोकसभा चुनाव में राजद ने उन्हें पूर्णिया सीट से प्रत्याशी बनाया, लेकिन वह चुनाव हार गईं।
इस उपचुनाव को लेकर एनडीए और इंडिया महागठबंधन की ओर से पूरी ताकत झोंकी गयी थी। प्रचार के अंतिम दिनों में स्थानीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बीमा भारती को समर्थन का ऐलान भी किया, लेकिन कभी प्रचार नहीं किया। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह ने सभी वर्ग का समर्थन हासिल करने की कोशिश जारी रखी।