Saturday 13-Jun-2026

बेगूसराय में बोले सम्राट चौधरी- भारत की गरिमा और विकास के लिए एनडीए को करें मजबूत

बेगूसराय में बोले सम्राट चौधरी-  भारत की गरिमा और विकास के लिए एनडीए को करें मजबूत

देश के समुचित विकास और इसकी गरिमा की रक्षा के लिए एनडीए को मजबूत बनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इरादों को पूरा करें। प्रधानमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में वह कर दिखाया है जो किसी दूसरे ने 60 सालों में भी नहीं किया। मोदी ने अपने कार्यकाल में हर क्षेत्र में विकास का परचम लहराया। पूरे विश्व में भारत की एक अलग पहचान बनाई। आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी शक्ति बन चुकी है। ये बातें बिहार के उप मुख्यमंत्री सह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बुधवार को खोदावंदपुर में एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहीं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा आजादी प्राप्ति के बाद से ही चल रहा था। मोदी ने राममंदिर का निर्माण करवाकर सनातन परंपरा की रक्षा की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के लोग केवल थोथी दलील देकर जनता को गुमराह करने में लगे हैं।

वहीं चुनावी सभा में बोलते हुए लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान ने कहा कि मोदी ने न केवल महिलाओं के सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा की है, अत्यंत पिछड़े लोगों को जीने का रास्ता भी दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब कल्याण योजना,उज्ज्वला रसोई गैस योजना,स्वच्छता योजना,किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना समेत कई अन्य योजना चलाकर देश के गरीब परिवारों की जिंदगी बचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को एक मजबूत देश के रूप में पहचान बना दी है। आज विश्व के नेता मोदी की ओर आशाभरी नजरों से देखते हैं।