भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आरक्षण के मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह के कांग्रेस द्वारा फर्जी और डीपफेक वीडियो वायरल करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि झूठ, फरेब और जालसाजी से भी विपक्ष की डुबती नैया नहीं बचने वाली है। सम्राट चौधरी ने कहा कि राजद और कांग्रेस की झूठ की बुनियाद पर खड़ी राजनीति से जनता को सचेत रहने की जरूरत है। विपक्षी गठबंधन का मकसद भ्रष्टाचार करना और अकूत बेनामी सम्पत्ति इकठ्ठा करना है। राजद और कांग्रेस की छटपटाहट देश के लिए नहीं, कानून के कसते शिकंजे से अपनों को बचाने के लिए है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार,अराजकता और जंगलराज के प्रतीक राजद और कांग्रेस एक बार फिर भ्रम और झांसे की राजनीति कर रही है। फर्जी वीडियो और अपप्रचार के जरिए झूठ का पहाड़ खड़ा कर जनता को झांसा नहीं दिया जा सकता है। जनता राजद के 15 साल और कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के 10 साल के गबन-घोटाले और भ्रष्टाचार को आजतक नहीं भूली है।