बिहार के नवादा जिले में बुधवार को किऊल-गया रेलखंड पर चातर हाल्ट के समीप स्थित मानवरहित रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। रेलवे फाटक पार करने के दौरान एक स्कूल बस ट्रैक पर फंस गई। इसी दौरान गया से चलकर आ रही 03356 मेमू ट्रेन यहां पहुंच गई। हालांकि समय रहते ट्रेन के चालक ने ब्रेक लगाकर गाड़ी रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के वक्त स्कूल बस खाली थी।
आरपीएफ के एसआई संजय कुमार मूर्मू के प्रभार में रहे एएसआई जीबलाल राम ने बताया कि बुधवार को तिलैया जंक्शन और नवादा स्टेशन के बीच 78/06 किमी के पास रेल लाइन पर एक स्कूल की बस फंस गई। ट्रेन नंबर 03356 के लोको पायलट राकेश कुमार-2 ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रेल लाइन में फंसे बस से पहले ही ट्रेन को रोक दिया। इस के बाद अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि तुरंत आसपास रहे स्थानीय लोग पहुंच गए और बस को धक्का दे कर उस स्थान से हटा दिया। इस चक्कर में मेमू ट्रेन घटना स्थल पर 1120 बजे से 1126 बजे तक खड़ी रही। इसके बाद वहां से नवादा के लिए रवाना हो सकी।
प्रभारी जीबलाल राम ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ पर ज्ञात हुआ कि एक बस, जो हिसुआ की ओर से फूलमा गांव की ओर रेल लाइन को पार करके जा रही थी, इसी क्रम में वह रेल लाइन के बीच में ही फंस गयी। इस घटना के बाद गहराई से छानबीन की गई तथा इस घटना के संबंध में ट्रेन नंबर 03356 के लोको पायलट राकेश कुमार-2 से शिकायत पत्र मांगा गया है। शिकायत पत्र मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, किउल में मामला पंजीकृत किया जाएगा और अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।