Saturday 13-Jun-2026

सिर मुंडवाया, पगड़ी उतारी; अब मंत्री पद भी छिनेगा, सम्राट चौधरी पर रोहिणी आचार्य का बड़ा हमला

सिर मुंडवाया, पगड़ी उतारी; अब मंत्री पद भी छिनेगा, सम्राट चौधरी पर रोहिणी आचार्य का बड़ा हमला

पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।

बिहार बीजेपी अध्यक्ष के पद से सम्राट चौधरी को हटा दिया गया है। उनकी जगह दिलीप जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। सम्राट चौधरी करीब 16 महीने तक बिहार बीजेपी अध्यक्ष पद पर काबिज रहे। नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने के बाद सम्राट चौधरी राज्य के डिप्टी सीएम बने थे। उसी समय से कयास लगाया जा रहा था कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान जल्द ही किसी दूसरे को सौंपी जा सकती है। इस बीच आरजेडी प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है।

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि सिर भी मुंडवाना पड़ा, पगड़ी भी उतारनी पड़ी, अब अध्यक्षता भी गयी.. हेकड़ी, लम्पटई, बदजुबानी , बड़बोलेपन का बचा-खुचा भूत भी उतर जाएगा, जब जल्द ही मंत्रिपद भी छिन जाएगा.. पाक-पावन रिश्तों पर ओछी टिप्पणी करने वालों, बुजुर्गों के प्रति बदनियती रखने वालों के साथ बुरा ही होता है, परमपिता परमेश्वर सब देखता है...

कौन हैं दिलीप जायसवाल?
दिलीप जायसवाल पूर्णिया-अररिया-किशनगंज क्षेत्र संख्या 23 से एनडीए प्रत्याशी के रूप में तीन बार से चुनाव जीत कर बिहार विधान परिषद पहुंचे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में वे किशनगंज लोकसभा सीट पर उम्मीदवार भी थे। लगातार 20 वर्षों तक बिहार प्रदेश बीजेपी के कोषाध्यक्ष भी रहे हैं। दिलीप जायसवाल जब छात्र थे तब से बीजेपी की राजनीति कर रहे हैं। वे सिक्किम बीजेपी के प्रभारी भी हैं। सीमांचल में इनकी अच्छी पकड़ है। लंबे समय से बिहार बीजेपी में सक्रिय हैं।

impact add2