बिहार के पूर्व सांसद रामा किशोर सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए कहा कि इस दल के खिलाफ जो भी उम्मीदवार चुनावी मैदान में होंगे, वह उनका समर्थन करेंगे। रामा सिंह ने मीडिया से बात करते हुए उन चर्चाओं को भी खारिज कर दिया कि उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि पार्टी ने उन्हें वैशाली से टिकट देने से इनकार कर दिया है। सिंह की पत्नी राजद से विधायक हैं।
रामा सिंह ने वर्ष 2014 के चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार के रूप में वैशाली सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने दावा किया, मैंने पद छोड़ दिया है क्योंकि पार्टी नीति और सिद्धांत से भटक चुकी है। इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। रामा सिंह 2020 में विधानसभा चुनाव से पहले राजद में शामिल हुए थे।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद के पुराने वफादार एवं पांच बार वैशाली का प्रतिनिधित्व कर चुके रघुवंश प्रसाद सिंह ने रामा किशोर सिंह के पार्टी में शामिल होने का विरोध किया था और अपने निधन से कुछ ही दिन पहले पार्टी से नाता तोड़ लिया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में वैशाली से राजद के उम्मीदवार विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना हैं जो सिंह की तरह ही एक बाहुबली नेता हैं। तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना रामा सिंह ने कहा, मैंने सोचा था कि युवा नेतृत्व में पार्टी में बदलाव आएगा। लेकिन मुझे निराशा हुई है।