Saturday 13-Jun-2026

बिहार में बड़ा हादसा, कोसी नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा; 1 मजदूर की मौत, दर्जनभर से अधिक घायल

बिहार में बड़ा हादसा, कोसी नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा; 1 मजदूर की मौत, दर्जनभर से अधिक घायल

बिहार में कोसी नदी पर सुपौल में बन रहे पुल का स्लैब गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई है। दर्जनभर मजदूर घायल हुए हैं। स्लैब के नीचे कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है। गिरे हुए स्लैब को हटाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अंदर मजदूर दबे भी हैं या नहीं। शुक्रवार की सुबह स्लैब को पिलर पर चढ़ाने के दौरान यह हादसा हुआ। लोगों ने बताया कि स्लैब बीच से टूट गया इस वजह से तीन गार्टर जमीन पर गिर गया। सुपौल और मधुबनी जिले को जोड़ने वाले इस पुल का निर्माण 1200 करोड़ की लागत से हो रहा है।

भारत माला प्रोजेक्ट के तहत बन रहा पुल
बताया जा रहा है कि सुपौल के बकोर में यह पुल बन रहा है। जानकारी के अनुसार इस पुल का का काम ट्रांस रेल कंपनी कर रही है। 412.23 करोड़ की लागत से कुल 10.5 किलोमीटर का पुल जबकि 2.5 किमी एप्रोच भी है। इसे भारत माला प्रोजेक्ट के तहत बनाया जा रहा है। यह पुल सुपौल के बकोर से मधुबनी के भेजा तक बनना है।

उधर घटना के बाद आसपास के जुटे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मो. श्याम नाम के व्यक्ति ने कहा कि पुल का जो निर्माण हो रहा है उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है। पुल निर्माण जो मजदूर लगे रहते हैं उन्हें सेफ्टी के नाम पर कुछ नहीं दिया जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के गार्डर के नीचे 15 के आसपास मजदूर दबे हो सकते हैं। कई लोगों को निकालकर मोटरसाइकिल से ही सुपौल इलाज के लिए पहुंचाया गया।

लोगों ने पुल निर्माण कंपनी पर भी गंभीर आरोप लगाया है। कहा कि घटना के बाद कंपनी का कोई नहीं आया। यहां तक कि कोई छोटा स्टाफ भी नहीं आया है। वहीं मौके पर मौजूद मुखिया सुरेंद्र यादव ने कहा कि हम लोग कंपनी को बार-बार शिकायत करते थे। उल्टा हम लोगों को धमकी दी जाती थी कि जेल भिजवा देंगे। आप लोग रंगदारी मांगने के लिए आते हैं। सुरेंद्र यादव ने कहा कि मजदूरों की संख्या 15 से 20 भी हो सकती है।

एसीएस प्रत्यय अमृत ने बताया कि एक मजदूर की मौत हुई है। 10 लाख रुपये का मुआवजा देने के लिए कहा गया है। डीएम और एसपी को कहा गया है तत्काल इसे देखें। घायलों का इलाज चल रहा है।